
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ED की बड़ी कार्रवाई, 5.39 करोड़ रुपये की नकदी और सोना जब्त
छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.39 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई के तहत रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर समेत कई शहरों में एक साथ छापेमारी की गई।
ED ने 30 अप्रैल को कुल 13 ठिकानों पर दबिश दी, जहां से 53 लाख रुपये नकद और करीब 3.23 किलोग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 4.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। इनसे घोटाले से जुड़े पैसों के लेन-देन और नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित तौर पर 2800 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। इस मामले में शराब कारोबारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
ED का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे तथा कार्रवाई हो सकती है।
