बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास लापरवाही के चलते मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर को सकर्रा सरपंच के नाम पर खरीदा गया था, जिसे मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल चला रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में करीब 19 लोग सवार थे, जिन्हें सकर्रा सरपंच के खेत में धान की रोपाई के लिए ले जाया जा रहा था।
इसी दौरान मुड़पार के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।
