Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / KORBA NEWS : अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, आरोपी खुद पहुंचा थाना

KORBA NEWS : अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, आरोपी खुद पहुंचा थाना

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुड़ा पोटापानी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी सीधे थाना पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरहामुड़ा पोटापानी निवासी रमाशंकर अपनी पत्नी पूर्णिमा यादव (30 वर्ष), दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था। वह मजदूरी का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी घरों और दुकानों में झाड़ू-पोछा कर परिवार चलाने में सहयोग करती थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण पूर्णिमा पिछले तीन महीनों से अपने मायके ग्राम मुनगाडीह में रह रही थी।

गुरुवार को पूर्णिमा स्कूटी से अपने ससुराल पहुंची थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर रमाशंकर ने पहले एक बच्चे को साइकिल पंचर बनवाने के बहाने बाहर भेजा और दोनों अन्य बच्चों को खेलने के लिए घर से बाहर कर दिया। इसके बाद उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी के गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर में ताला लगाया और अपने बेटे को चाबी सौंपते हुए कहा कि वह जंगल जा रहा है। लेकिन वह सीधे थाना पहुंच गया और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी ने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति पर उसे पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक था, उसे मारने भी गया था, लेकिन वह नहीं मिला।

पहले पुलिस को उसकी बात मजाक लगी, लेकिन जब आरोपी ने पूरी घटना विस्तार से बताई तो पुलिस तत्काल उसे लेकर गांव पहुंची। गांव वालों को भी घटना की जानकारी नहीं थी। बाद में बच्चे को बुलाकर घर का ताला खुलवाया गया, जहां पूर्णिमा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *