कोरबा। शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन दिलाने के नाम पर पैसे लेने और बाद में मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार पथरीपारा निवासी Rohit Miri ऑटो चालक है। उसकी पत्नी त्रिवेणी मिरी की पहचान Pradeep Purayane से कांग्रेस सेवा दल के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि प्रदीप पुरायणे ने शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन का काम दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये लिए थे। साथ ही भरोसा दिया था कि काम नहीं होने पर रकम वापस कर दी जाएगी।
पीड़ित के अनुसार लंबे समय तक पैसे वापस नहीं किए गए। इसके बाद 11 मई 2026 की शाम रोहित मिरी और उसकी पत्नी त्रिवेणी मिरी रकम वापस मांगने रूमगड़ा स्थित प्रदीप पुरायणे के घर पहुंचे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
रिपोर्ट के मुताबिक पैसे मांगने पर आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में रोहित मिरी के सिर, हाथ, गर्दन और पैर में चोटें आईं। सिर में गंभीर चोट लगने से खून भी निकला।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप पुरायणे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
