रायपुर। प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने घोषणा की है कि अब उनके आधिकारिक दौरों में कारकेड को सीमित किया जाएगा और भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना देशहित में जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने कारकेड में कटौती करने का निर्णय लिया है।
सीएम साय ने कहा कि अब उनके आधिकारिक भ्रमणों में केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही शामिल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मंत्रियों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों और संसाधनों का संयमित उपयोग करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी शासकीय वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू करेगी। सरकार का लक्ष्य ईंधन की खपत कम करना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भी सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहन उपयोग से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बड़ा परिवर्तन संभव है।
