Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / राज ज्वेलर्स डकैतीकांड में मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कर्नाटक से पकड़ा गया विष्णु राठिया

राज ज्वेलर्स डकैतीकांड में मास्टरमाइंड गिरफ्तार, कर्नाटक से पकड़ा गया विष्णु राठिया

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे तीसरे और कथित मास्टरमाइंड आरोपी विष्णु राठिया को पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, विष्णु राठिया ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई थी। वारदात के दौरान वह पहचान छिपाने के लिए लड़की के भेष में राज ज्वेलर्स पहुंचा था। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर दिनदहाड़े डकैती की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी पहले जेल में बंद रह चुके थे, जहां उनकी पहचान हुई और जेल से बाहर आने के बाद आर्थिक लाभ के लिए डकैती की योजना बनाई। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *