Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / रायपुर / अग्रसेन स्टील प्लांट को ग्रामीणों का समर्थन, बोले—रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार

अग्रसेन स्टील प्लांट को ग्रामीणों का समर्थन, बोले—रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत देवरी में प्रस्तावित अग्रसेन स्टील प्लांट की पर्यावरण जनसुनवाई को लेकर जहां एक ओर विरोध की आवाजें उठ रही हैं, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय युवा इस परियोजना के समर्थन में सामने आए हैं। समर्थकों का कहना है कि प्लांट की स्थापना से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और बुनियादी विकास को नई गति मिलेगी।

ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के लिए रायपुर, भिलाई और अन्य शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है। यदि देवरी में स्टील प्लांट स्थापित होता है, तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिल सकेगा। इससे न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।

समर्थन कर रहे लोगों का कहना है कि कंपनी आधुनिक तकनीक के साथ प्लांट स्थापित करने की बात कर रही है, जिससे पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित होगा। उनका मानना है कि वर्तमान समय में विकास और उद्योग दोनों जरूरी हैं और नियमों के तहत संचालन होने पर किसी बड़ी समस्या की आशंका नहीं है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि प्लांट के आने से सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही ट्रांसपोर्ट, छोटे व्यवसाय और अन्य रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे आसपास के गांवों को भी सीधा फायदा मिलेगा।

कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोग गांव के माहौल को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विकास और रोजगार की उम्मीद के साथ इस परियोजना का समर्थन कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित जनसुनवाई को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से आयोजित किया जाए, ताकि सभी पक्ष अपनी बात रख सकें। गौरतलब है कि 7 मई को होने वाली इस जनसुनवाई को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और पूरे क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *