Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / बिलासपुर / चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटकर आतिशबाजी, इंस्टाग्राम वीडियो वायरल होने पर कोनी पुलिस की कार्रवाई

चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटकर आतिशबाजी, इंस्टाग्राम वीडियो वायरल होने पर कोनी पुलिस की कार्रवाई

बिलासपुर। चलती स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटने और पटाखे जलाकर आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले काले रंग के स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 24 मई 2026 की रात की है। वाहन चालक अरविंद सैनी (31 वर्ष), निवासी कुदुदंड बिलासपुर, अपनी महिला मित्र के साथ रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर स्कॉर्पियो वाहन को तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहा था। इसी दौरान वाहन की छत पर केक रखकर काटा गया और आतिशबाजी भी की गई।

घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिलने पर कोनी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना लाया।

पूछताछ में वाहन चालक अरविंद सैनी ने स्कॉर्पियो वाहन से यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि चालक और उसकी महिला मित्र के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

कोनी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस प्रकार के स्टंट और लापरवाहीपूर्ण गतिविधियों से बचें, क्योंकि इससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन होता है बल्कि आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *