Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / बिलासपुर / बिलासपुर: पत्नी से अवैध संबंध के शक में मर्डर, पति ने समझाइश देने युवक को बुलाया घर, फिर बेटे के साथ मिलकर घोंट दिया गला

बिलासपुर: पत्नी से अवैध संबंध के शक में मर्डर, पति ने समझाइश देने युवक को बुलाया घर, फिर बेटे के साथ मिलकर घोंट दिया गला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने अपने बेटे के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी। दोनों ने मोबाइल के केबल से गला घोंटकर उसको मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद महिला ने इसकी शिकायत थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, मुंगेली निवासी शिव कामले कबीरधाम जिले के सिंगारपुर मिडिल स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। वह पिछले एक सप्ताह से सकरी के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में अपनी पत्नी रीना कामले, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि रीना कामले का करीब दो साल पहले अपनी छोटी बहन की शादी के दौरान राम्हेपुर (लोरमी) निवासी दावेन्द्र कुमार बघेल से संपर्क हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। लगभग एक महीने पहले जब पति शिव कामले को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने पत्नी को दावेन्द्र से दूर रहने की चेतावनी दी और उसका सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिया था।

30 मई के दोपहर 12 बजे मृतक दावेन्द्र रीना को सिम देने आया, जिसे शिव ने देख लिया। इसके बाद शिव ने दावेंद्र को घर बुलाने को कहा और दावेंद्र को रीना से दूर रहने की समझाइश देने लगे, लेकिन वो नहीं माना। इसी को लेकर शिव और उसके बेटे का दावेंद्र के साथ विवाद हो गया।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि पिता-पुत्र ने मिलकर प्लास्टिक के सुतली और मोबाइल के केबल तार से गला घोंटकर दावेंद्र को मौत के घाट उतार दिया। इधर विवाद बढ़ता देख महिला घबराकर घर से सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक दावेंद्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने आरोपी पति और बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में इस विवाद को लेकर पहले से तनाव था। इसी वजह से करीब एक सप्ताह पहले परिवार मुंगेली से बिलासपुर के सैदा स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *