सक्ती, 05 जून 2026। थाना सक्ती क्षेत्र के ग्राम कर्रापाली में पारिवारिक विवाद को लेकर समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा तथा घटनास्थल से फायर किए गए राउंड का खाली खोखा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बालपुर निवासी अजय सिंह गोंड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 जून को वह अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर ग्राम कर्रापाली गया था। वहां उसकी रिश्तेदार तीजबाई को उसके पति दिलेश्वर सिदार द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिलेश्वर को समझाने पहुंचे थे। समझाइश के दौरान नाराज होकर दिलेश्वर वहां से चला गया।

शाम करीब 5:30 बजे जब अजय सिंह गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी ग्राम कर्रापाली के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार मिल गए। आरोप है कि दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दिलेश्वर ने अपने पास रखे रिवॉल्वर से जानलेवा फायर किया। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के दौरान सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर धमकियां दे रहा था।
मामले में थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत धारा 109(1), 296, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पेकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर थाना प्रभारी लखन पटेल के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश की गई।
दबिश देकर पुलिस ने आरोपी दिलेश्वर सिदार (30 वर्ष) और सोमदेव सिदार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना स्वीकार कर ली। दिलेश्वर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी रिवॉल्वर तथा सोमदेव के कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही घटनास्थल से फायर किए गए राउंड का खाली खोखा भी जब्त किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया है।
