रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम प्रभावित रह सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने और वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। आगामी दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। वहीं किसानों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम के बीच लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
