
बंगाल के फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान 21 मई को, 24 मई को आएंगे नतीजे
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर अब 21 मई को पुनर्मतदान (री-पोलिंग) कराया जाएगा, जबकि मतगणना 24 मई को होगी। यह निर्णय चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं के सामने आने के बाद लिया है।
चुनाव आयोग के अनुसार, 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर चुनावी गड़बड़ियां और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप के मामले सामने आए। जांच में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम से छेड़छाड़, मतदाताओं को प्रभावित करने और अन्य अनियमितताओं की पुष्टि हुई, जिसके बाद पूरे फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया गया।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर फिर से वोटिंग कराई जाएगी, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी जाएगी।
गौरतलब है कि इस फैसले के चलते राज्य की अन्य सीटों के परिणाम पहले घोषित होंगे, जबकि फाल्टा सीट का परिणाम 24 मई को सामने आएगा।
