Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / सराफा व्यापारियों और गोल्ड लोन कंपनियों के साथ पुलिस की बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

सराफा व्यापारियों और गोल्ड लोन कंपनियों के साथ पुलिस की बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष पहल की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने सराफा मार्केट और गोल्ड लोन कंपनियों के व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में व्यापारियों को अपनी दुकानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की पूरी जानकारी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही खराब CCTV कैमरों की मरम्मत कराने और कैमरों को इस तरह लगाने की सलाह दी गई, जिससे सड़क की गतिविधियां भी रिकॉर्ड हो सकें। पुलिस ने कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने और समय-समय पर उनकी जांच करने को कहा।

इसके अलावा व्यापारियों को दुकानों में सुरक्षा गार्ड रखने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाए रखने और बिना पहचान सुनिश्चित किए कीमती सामान न देने की हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दें।

पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों से सतर्क रहने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *