कोरबा जिले में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग के बैठक में नहीं पहुंचने से नाराज जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने सीईओ पर मनमानी, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी और विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं रखने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं को लेकर जनपद सदस्यों की बैठक बुलाई थी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग को भी शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन करीब तीन घंटे इंतजार के बाद भी वे बैठक में नहीं पहुंचे। इससे नाराज जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत परिसर में धरना शुरू कर दिया और सीईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि लगातार जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। निर्वाचित प्रतिनिधियों की राय को महत्व नहीं दिया जा रहा और प्रशासनिक स्तर पर एकतरफा फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और जनप्रतिनिधियों की बातों को लगातार अनसुना किया गया, तो सभी सदस्य सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे।
वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल की कमी दिखाई दे रही है। यदि स्थिति नहीं सुधरी तो सीईओ के खिलाफ हटाने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
