Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / रायपुर / आज से नौतपा शुरू, छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना; रात की हवा भी गर्म…

आज से नौतपा शुरू, छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना; रात की हवा भी गर्म…

रायपुर,25 मई । नौतपा की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में गर्मी और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 4 दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां रात में हवा भी हल्की गर्म चल रही है।
फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क है और तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ।

सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

छत्तीसगढ़ में बना रहेगा लू का असर

सोमवार (25 मई) से नौतपा की शुरुआत हो रही है। ज्योतिष और मौसम के लिहाज से यह साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है।

मौसम विभाग के मुताबिक नौतपा के शुरुआती दिनों में छत्तीसगढ़ में तेज धूप और लू का असर बना रहेगा। खासकर रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, महासमुंद और आसपास के जिलों में दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।

अगले 4 दिन तक गर्मी से बड़ी राहत नहीं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में सूखा और गर्म मौसम बने रहने के संकेत हैं।

रायपुर में 45 डिग्री रहेगा तापमान

रायपुर शहर के लिए जारी लोकल फोरकास्ट में कहा गया है कि 25 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चल सकती हैं।

हीटस्ट्रोक से 200 चमगादड़ों की मौत

  1. छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच कोरबा जिले में हीटस्ट्रोक से 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। पाली विकासखंड के नौकोनिया तालाब किनारे शनिवार (23 मई) को सैकड़ों जीव पेड़ों से गिरकर मर गए।
    पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने लू से चमगादड़ों की मौत की पुष्टि की है। इस क्षेत्र में तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

लोगों को सावधानी की सलाह

तेज गर्मी और लू को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की अपील भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *