Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / रायगढ़ / रायगढ़ ब्रेकिंग: ग्रामीण बैंक शाखा में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

रायगढ़ ब्रेकिंग: ग्रामीण बैंक शाखा में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

रायगढ़ 1 जून 2026 । जिले के लोईंग क्षेत्र स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।बताया जा रहा है कि लोईंग बाजार मोहल्ला में मनोज प्रधान के मकान में किराए के भवन में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित होती है। सुबह बैंक परिसर से धुआं उठता देख आसपास के लोगों और मकान मालिक के परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने तक आग बैंक के अंदर तेजी से फैल चुकी थी और उसने भारी नुकसान पहुंचाया। आग की लपटों और धुएं के कारण बैंक परिसर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। फिलहाल बैंक के अंदर रखे दस्तावेजों, फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी और नुकसान का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *