कोरबा, 18 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 18 जुलाई (शनिवार) सुबह 7 बजे घंटाघर स्थित ओपन थिएटर से ‘रन फॉर ग्रीन’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने साकेत भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए त्रुटिरहित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त एवं कार्यक्रम प्रभारी नीरज कौशिक, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत कश्यप सहित पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत करेंगी, जबकि सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह तथा सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की सदस्य एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा रहेंगी। उनके साथ दौड़ में भाग लेने का अवसर प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण होगा।
‘रन फॉर ग्रीन’ में जिले के विभिन्न शासकीय विभागों, सार्वजनिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, माय भारत यूथ वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, एनएसएस कार्यकर्ताओं, विद्यालयीन छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में शहरवासियों की सहभागिता रहेगी।
व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बैठक के दौरान मंच एवं स्टेज व्यवस्था, प्रवेश द्वार, पौधरोपण के लिए पौधों की उपलब्धता, कर्मचारियों की तैनाती, पेयजल, वृक्षारोपण स्थल, मैराथन रूट, सड़क की साफ-सफाई, रोड मार्किंग, प्रारंभ एवं समापन स्थल, जलपान और विभिन्न रिफ्रेशमेंट जोन सहित सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने कोरबावासियों से अधिक से अधिक संख्या में ‘रन फॉर ग्रीन’ में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को सफल बनाने की अपील की है।
