रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने राज्य पुलिस और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की विभिन्न इकाइयों में प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त प्रभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम की ओर से जारी किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, गृह (पुलिस) विभाग के 10 जुलाई 2026 के तबादला आदेश के तहत श्वेता राजमणी (IPS-2012), राजेश कुकरेजा (IPS-2014) और त्रिलोक बंसल (IPS-2016) का अन्य स्थानों पर स्थानांतरण किया गया है। उनके स्थान पर अभी तक नियमित पदस्थापना नहीं होने से संबंधित पद रिक्त हैं।
इसी स्थिति को देखते हुए शासन स्तर पर नई नियुक्ति होने तक निम्न अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
- गायत्री सिंह (रापुसे), सेनानी, 7वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई को प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- शंकरलाल बघेल (IPS), उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ सेनानी, CTJW, कांकेर को 5वीं वाहिनी छसबल, जगदलपुर, 15वीं वाहिनी (भा./र.) छसबल, बीजापुर तथा 19वीं वाहिनी (भा./र.) छसबल, करणपुर (जगदलपुर) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- आकाश कुमार शुक्ला (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ बघेरा-दुर्ग को पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ बघेरा-दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था नियमित पदस्थापना होने तक प्रभावी रहेगी। अतिरिक्त प्रभार के माध्यम से संबंधित इकाइयों के प्रशासनिक और परिचालन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसे सुनिश्चित किया जाएगा।

