ऑनलाइन केंद्रों द्वारा अधिक शुल्क वसूली की शिकायतों पर जताई चिंता

कोरबा 2 जून 2026 । जिला परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के आसपास बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अतुल असैय्या ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कार्यालय परिसर के सामने स्थित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।
जानकारी के अनुसार, जिला परिवहन कार्यालय के सामने ग्राम रामपुर स्थित खसरा नंबर 203/1 की भूमि का एक हिस्सा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, संभाग कोरबा को संभागीय कार्यालय भवन निर्माण के लिए आबंटित किया गया है। इसके बावजूद उक्त भूमि पर कई ठेला, गुमटी और अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं, जिन्हें विभाग ने अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में बताया है।
आरटीओ द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि इन ठेला-गुमटियों में कुछ लोगों द्वारा ऑनलाइन आवेदन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। आरोप है कि ये लोग ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने वाले आवेदकों से संपर्क कर निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक राशि की मांग करते हैं। इससे नागरिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से संबंधित शिकायतें समय-समय पर सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों के कारण आम जनता के बीच परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भ्रम की स्थिति बनती है तथा शासन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय से अनुरोध किया है कि जिला परिवहन कार्यालय के आसपास संचालित अवैध ठेला-गुमटियों एवं अन्य अतिक्रमणों को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे आम नागरिकों को पारदर्शी, सुगम और व्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा शासकीय कार्यालय परिसर का वातावरण भी बेहतर होगा।
