Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / 24 घंटे से सड़क पर गिरा साजा का पेड़, आवागमन बाधित, ग्रामीणों में नाराजगी…

24 घंटे से सड़क पर गिरा साजा का पेड़, आवागमन बाधित, ग्रामीणों में नाराजगी…

कोरबा,11 जून । जिले के जटगा-गुरसिया मार्ग पर घुमानीडाड़ से करगामार के बीच सड़क पर साजा का विशाल पेड़ गिर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है। पेड़ गिरने के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, पेड़ गिरे लगभग 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा इसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आवागमन बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों ने सड़क के किनारे से अस्थायी रास्ता तैयार किया है, जिसके सहारे लोग किसी तरह आवाजाही कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि संकरा और अस्थायी रास्ता होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही पेड़ को नहीं हटाया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने तथा मार्ग को सुचारु रूप से चालू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *