बिलासपुर, 13 जून 2026। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ चकरभाठा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बालाजी ढाबा में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालक सहित छह लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे होटल-ढाबा चेकिंग अभियान के दौरान बालाजी ढाबा, चकरभाठा में जांच की गई। इस दौरान ढाबा संचालक द्वारा ग्राहकों को अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। वहीं पांच व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर बैठकर शराब का सेवन करते पाए गए।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक अशोक जोतवानी (51 वर्ष) के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(ग) के तहत मामला दर्ज किया। वहीं शराब सेवन करते मिले हर्ष श्रीवास, अभिषेक कुमार सिंह, राजीव दुबे, मयंक सिंह और बिट्टू कौशिक के खिलाफ धारा 36(च) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
चकरभाठा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और ऐसे कार्यों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का संदेश
चकरभाठा पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक माहौल को सुरक्षित रखने के लिए होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित जांच की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
