
बिलासपुर | सक्ती जिले के डभरा स्थित सिंघीतराई वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे की जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ितों के बयान 29 अप्रैल को दर्ज किए जाएंगे, जिससे हादसे से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना है। राज्य शासन ने इस दुर्घटना की जांच के लिए बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच के तहत हादसे के कारणों, जिम्मेदार लोगों और सुरक्षा मानकों में हुई संभावित लापरवाही की पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल को होने वाली सुनवाई में प्रत्यक्षदर्शी और घायल कर्मचारी अपने बयान दर्ज कराएंगे। इन बयानों के आधार पर यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय प्लांट के अंदर क्या परिस्थितियां थीं और किन कारणों से इतनी बड़ी दुर्घटना हुई। गौरतलब है कि 14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट हुआ था, जिसमें कई मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खामी और लापरवाही की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजरें 29 अप्रैल को होने वाली गवाही पर टिकी हैं, जो इस हादसे की असली वजह उजागर करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
