
कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 4.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को “दिव्या ज्वेलर्स” में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं और मौका पाकर सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गईं। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल के बारासात क्षेत्र से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी उत्तर 24 परगना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके पास से चोरी गए सोने की चेन और लॉकेट बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में जाती थीं और दुकानदार का ध्यान भटकाकर चोरी कर लेती थीं। इसके बाद गिरोह तुरंत वाहन से दूसरे शहर या राज्य की ओर निकल जाता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह अन्य राज्यों और शहरों में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
