कोरबा: जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुनीं समस्याएं, 96 आवेदन प्राप्त

कोरबा, 27 अप्रैल 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 96 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने विभिन्न मुद्दे उठाए। ग्राम कोथारी के विजेन्द्र पाटले ने सूदखोरी मामले में कार्रवाई नहीं होने और उरगा पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। रौनाढाप के बंशीलाल ने आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता की मांग की। कटघोरा क्षेत्र में श्रीया स्व-सहायता समूह की नीलम सोनी ने गढ़कलेवा में स्थायी शेड निर्माण का अनुरोध किया।
सतरेंगा पंचायत की सरपंच बंधन बाई ने छातासरई से खोखराआमा तक सड़क निर्माण की धीमी प्रगति की शिकायत की। बांधाखार की सुनंदा पटेल ने फसल सर्वेक्षण के लंबित भुगतान की मांग उठाई। वहीं कुरूडीह के शांतिलाल और सुतर्रा के चंदन सिंह ने सीमांकन से जुड़ी समस्याएं रखीं।
कोराई-सतरेंगा के बालीराम ने वन अधिकार पट्टा की जमीन हड़पने की शिकायत करते हुए भूमि वापसी की मांग की। पोलमी के खिलावन डिक्सेना ने बिजली विभाग की टीम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया। देवरमाल के राजेश भारद्वाज ने पटवारी को हटाने की मांग की, जबकि चचिया के फूलसिंह ने भारतमाला परियोजना से प्रभावित बोर के मुआवजे की मांग की।
कलेक्टर ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और न्यायसंगत समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
