रायपुर में पूर्व विधायक के बेटे की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव
रायपुर, 28 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे जय साहू (45) का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थिति में मिला।
जानकारी के अनुसार, घटना पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा स्थित आदर्श नगर की है। रविवार देर रात जय साहू अपने कमरे में मृत पाए गए। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। साथ ही पारिवारिक कारणों को भी घटना की एक संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे मामले की गुत्थी और गहरी हो गई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है, वहीं राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर चर्चा बनी हुई है।
