कवर्धा, 4 मई 2026। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पांडातराई थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, सभी युवक बिरगांव से पंडरिया शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पांडातराई के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
