
कोरबा: नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध पर कांग्रेस का पुतला दहन, महापौर बोलीं- मातृशक्ति का हमेशा अपमान करती रही कांग्रेसकोरबा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कोरबा के टीपी नगर चौक में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत सहित महिला कार्यकर्ताओं ने माथे पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम का कांग्रेस और विपक्षी दलों ने विरोध कर महिलाओं के अधिकारों का हनन किया है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव लाने वाला कदम था, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध कर मातृशक्ति को उनके अधिकारों से वंचित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कानून लाया गया था।भाजपा प्रदेश मंत्री ऋतु चौरासिया ने भी कांग्रेस पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम विकसित भारत 2047 के संकल्प को मजबूत करने वाला कदम है, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर की है।प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
