Home / रायगढ़ / शराब पार्टी में विवाद बना हत्या की वजह, रायगढ़ पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया किशोर हत्याकांड,देखिए विडिओ

शराब पार्टी में विवाद बना हत्या की वजह, रायगढ़ पुलिस ने 72 घंटे में सुलझाया किशोर हत्याकांड,देखिए विडिओ

रायगढ़, 28 मई 2026। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरदा में मिले 16 वर्षीय किशोर के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने किशोर की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी और शव को बरगद के पेड़ के नीचे छिपाकर मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाया। गिरफ्तार आरोपियों में चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना (22 वर्ष) निवासी बरभौना, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया (30 वर्ष) निवासी बेहरामुड़ा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार 25 मई 2026 को ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार स्थित बरगद पेड़ के नीचे एक किशोर का शव मिलने की सूचना खरसिया पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान थाना छाल क्षेत्र के ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई।

मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि 24 मई की सुबह गांव का ऋषि डनसेना किशोर को अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से काम कराने के लिए साथ ले गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और अगले दिन सुबह उसका शव बरगद के पेड़ के नीचे मिला। शव पर चोट और खरोंच के गंभीर निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान ऋषि डनसेना ने बताया कि उसने किशोर को अपने साथियों चन्द्रशेखर, रघुनाथ और एक नाबालिग के साथ छोड़ा था। बाद में फोन करने पर उसे झगड़े और मारपीट की आवाज सुनाई दी थी।

इसके बाद पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। आरोपियों ने कबूल किया कि सभी लोग खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान चखना के लिए आम तोड़कर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर किशोर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपियों ने शव को उठाकर बरगद के पेड़ के नीचे रख दिया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। बाद में जब ऋषि डनसेना ने किशोर के बारे में पूछा तो आरोपियों ने झूठ बोलते हुए कहा कि वह खाना खाकर घर चला गया है।

खरसिया पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर घटना का रिकंस्ट्रक्शन कराया तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए। मामले में हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि हत्या और गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराध कर साक्ष्य छिपाने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *