Home / बलौदाबाजार / इंस्टाग्राम पर रील बनी मुसीबत: फूल-माला पहनकर निकाली रैली, वीडियो वायरल होते ही 9 आरोपी दोबारा हिरासत में…

इंस्टाग्राम पर रील बनी मुसीबत: फूल-माला पहनकर निकाली रैली, वीडियो वायरल होते ही 9 आरोपी दोबारा हिरासत में…

बलौदाबाजार | भाटापारा में जमानत पर जेल से रिहा हुए तीन आरोपियों का “शाही स्वागत” उन्हें फिर हवालात ले गया। आरोपियों के साथियों ने कार-बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। सभी 9 आरोपियों को दोबारा हिरासत में लिया गया है।

क्या है मामला

हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए तीन आरोपियों के स्वागत के लिए उनके साथियों ने भाटापारा क्षेत्र में वाहन रैली निकाली थी। आरोपियों को फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और फिर सार्वजनिक मार्ग पर कार-बाइक का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कई युवाओं पर नारेबाजी भी हुई।

रील ने पहुंचाया थाने

रैली का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस के संज्ञान में पहुंचा। फुटेज में कई वाहन तेज गति पर चलते दिखे, जिससे आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।

स्थानीय लोगों की शिकायत

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि रैली से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कुछ लोगों ने रैली में शामिल लोगों पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया, जिससे असहजता का माहौल बना। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

SP के निर्देश पर त्वरित एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। भाटापारा पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर रैली में शामिल लोगों की पहचान कर सभी 9 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

इन धाराओं में कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने, सामाजिक शांति प्रभावित करने और आम जनता में भय का वातावरण पैदा करने के आरोप में आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

वाहनों पर भी गिरी गाज

जांच में रैली में उपयोग किए गए कई वाहनों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन सामने आया। पुलिस ने संबंधित वाहनों को चिन्हित कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर शक्ति प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सार्वजनिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *