


कोरबा: चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित ‘खेलो इंडिया अस्मिता नेशनल किकबॉक्सिंग लीग’ में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोरबा जिले की सी एम ए (CMA) किकबॉक्सिंग एकेडमी की दो होनहार बालिकाओं ने पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।लोकीता और नाफिया ने जीता पदकप्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों में कोरबा की लोकीता चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश, कर्नाटक और उड़ीसा के खिलाड़ियों को मात देकर फाइनल में जगह बनाई और रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम किया। वहीं, नाफिया सिद्दीकी ने पंजाब और मध्य प्रदेश के प्रतिद्वंद्वियों के विरुद्ध उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया।एकेडमी की अन्य खिलाड़ी कर्रा तेजस्विनी और श्रेया लक्ष्मी साहू ने पांचवां स्थान, जबकि हर्षिता ने नौवां स्थान प्राप्त कर अपनी खेल क्षमता का परिचय दिया।छत्तीसगढ़ की झोली में आए कुल 13 पदकछत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के 33 खिलाड़ियों के दल ने इस नेशनल लीग में हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ की टीम ने कुल 13 पदक हासिल किए, जिनमें:04 स्वर्ण (Gold)02 रजत (Silver)07 कांस्य (Bronze)महिला सशक्तिकरण और खेल कौशल का संगमभारत सरकार के युवा मामले, खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के मार्गदर्शन में आयोजित इस लीग का मुख्य उद्देश्य महिला खिलाड़ियों के कौशल विकास को बढ़ावा देना है। वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पॉइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट और म्यूजिकल फॉर्म्स जैसे इवेंट्स डिजिटल तकनीकी (स्पोर्ट्स डाटा) के माध्यम से संपन्न हुए। विजेताओं को भारत सरकार द्वारा नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।हर्ष का माहौलखिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल और ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नौशाद खान सहित खेल जगत की हस्तियों और खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी है। जिले के वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने इसे कोरबा के मार्शल आर्ट्स इतिहास के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया है।#Kickboxing #KheloIndia #KorbaNews #ChhattisgarhPride #AsmitaLeague
