
कोरबा में राखड़ बांध फूटने से मचा हड़कंप, जेसीबी ऑपरेटर समेत कई दबे, इलाके में अफरा-तफरीकोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राखड़ (ऐश डैम) बांध फूटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक बांध टूटने के बाद राखड़ और पानी का तेज बहाव आसपास के क्षेत्र में फैल गया, जिससे मौके पर काम कर रहे मजदूरों और मशीनों में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, घटना के समय वहां जेसीबी मशीन से काम चल रहा था। बांध के अचानक टूटने से निकले तेज बहाव में जेसीबी समेत ऑपरेटर दब गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हालात इतने गंभीर थे कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका राखड़ से भर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दबे हुए लोगों को निकालने के लिए जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद ली जा रही है।बताया जा रहा है कि बांध कमजोर होने और दबाव बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
