
कवर्धा में जल्द शुरू होगी जंगल सफारी, 35 किमी रूट पर 22 बार नदी पार करने का रोमांचकवर्धा जिले के भोरमदेव अभयारण्य में जल्द ही जंगल सफारी की शुरुआत होने जा रही है। वन विभाग ने 35 किलोमीटर लंबा सफारी रूट तैयार कर लिया है और इस महीने के अंत तक इसका शुभारंभ होने की संभावना है।

भोरमदेव मंदिर के समीप करियाआमा क्षेत्र से शुरू होने वाली यह सफारी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगी। सफारी रूट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस दौरान पर्यटकों को एक संकरी नदी 22 बार पार करनी होगी, जो रोमांच को और बढ़ाएगी। घने जंगल, पहाड़, झरने और वन्यजीवों से भरपूर यह सफारी प्रकृति प्रेमियों को नया अनुभव देगी। वन विभाग ने फिलहाल तीन सफारी वाहनों की व्यवस्था की है, जिनमें पर्यटक गाइड के साथ भ्रमण कर सकेंगे। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग सुविधा और कैंपिंग जैसी व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं।


अभयारण्य में टाइगर, तेंदुआ, भालू, सांभर, नीलगाय समेत कई वन्यजीवों की मौजूदगी इसे और खास बनाती है। जंगल सफारी शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। माना जा रहा है कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर नया आकर्षण जोड़ने वाली साबित होगी।
