
Falta Assembly Elections: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव से ठीक पहले ममता बनर्जी को करारा झटका लगा है। ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी (TMC) उम्मीदवार जहांगीर खान (jahangir khan) ने वोटिंग से 48 घंटे पहले चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। जहांगीर ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। फाल्टा डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की 7 विधानसभा सीटों में से एक है, जहां से अभिषेक बनर्जी MP हैं।
बता दें कि बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज यानी 29 अप्रैल को फालता में वोटिंग हुई थी। इस दौरान कुछ बूथ पर EVM में भाजपा के बटन पर टेप चिपका मिला। कई अन्य बूथों पर भी EVM में गड़बड़ी की खबरें आईं। इसके बाद चुनाव आयोग ने 21 मई को दोबारा वोटिंग के आदेश दिए। रिजल्ट 24 मई को आएगा।
जहांगीर खान ने फाल्टा के कमरडांगा खान पारा में अपने घर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें यह ऐलान किया। इतना ही नहीं उन्होंने फाल्टा के लिए प्रस्तावित स्पेशल पैकेज के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का तारीफ भी की। जहांगीर खान ने कहा कि मैं चाहता हूं कि फाल्टा शांतिपूर्ण और खुशहाल रहे। मेरा सपना हमेशा से यही रहा है कि फाल्टा एक सुनहरा फाल्टा बने। इसलिए हमारे माननीय CM फाल्टा के विकास के लिए एक स्पेशल पैकेज दे रहे हैं। फाल्टा के विकास और वहां के लोगों के फायदे के लिए मैं 21 मई के चुनाव से खुद को हटा रहा हूं।
जहांगीर खान के चुनाव नहीं लड़ने पर TMC प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि पार्टी को खान के इस फैसले के बारे में जानकारी मिली है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।
मैं झुकेगा नहीं’ कहकर बटोरी थी सुर्खियां
जहांगीर खान चुनाव प्रचार के दौरान अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा’ के अंदाज में दिखाई दिए थे। बड़ी जनसभाओं में उन्होंने फिल्मी डायलॉग ‘पुष्पा राज… मैं झुकेगा नहीं’ बोलकर विरोधियों को खुली चुनौती दी थी। हालांकि बंगाल में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। आजादी के 75 साल बाद बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है। राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ममता बनर्जी का ‘पुष्पा’ जहांगीर खान झुक चुका है। साथ ही सीएम सुवेंदु अधिकारी की तारीफ भी कर रहा है।
जहांगीर खान ने कलकत्ता हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मांगी
इससे पहले जहांगीर खान ने कलकत्ता हाई कोर्ट की सिंगल-जज बेंच में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है। उन्हें डर है कि वोटिंग की तारीख से पहले उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की सिंगल-जज बेंच ने उनकी अर्जी स्वीकार कर ली है, और इस मामले की सुनवाई सोमवार को दोपहर 2 बजे के बाद दूसरे सत्र में होगी। अपनी अर्जी में, खान ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके खिलाफ मनगढ़ंत आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज की है।
