Home / Uncategorized / जनगणना-2027: 30 अप्रैल तक करें डिजिटल स्व-गणना, 1 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम

जनगणना-2027: 30 अप्रैल तक करें डिजिटल स्व-गणना, 1 मई से घर-घर पहुंचेगी टीम

जनगणना-2027 के तहत प्रदेश में डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में भाजपा नेता विकास महतो ने अपने निवास ऋषिकेश भवन, सीतामणी में मोबाइल के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर इसकी शुरुआत की। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल 2026 तक स्वयं अपने मोबाइल से स्व-गणना पत्रक भर लें।

 

बताया गया है कि जनगणना के पहले चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिकों द्वारा डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की जाएगी। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक शासन द्वारा नियुक्त और प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर भरे गए विवरणों का सत्यापन करेंगे और मकान सूचीकरण सहित अन्य जानकारी दर्ज करेंगे।

 

भाजपा नेता विकास महतो ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे समय रहते सही जानकारी दर्ज करें, जिससे आगे की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

 

33 बिंदुओं पर मांगी जाएगी जानकारी

डिजिटल स्व-गणना पत्रक में कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें भवन और मकान नंबर, निर्माण सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया का विवरण, सामाजिक वर्ग, कमरों की संख्या, पेयजल और बिजली की उपलब्धता, शौचालय, रसोई, ईंधन का प्रकार, तथा घर में उपलब्ध सुविधाएं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन आदि शामिल हैं।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचकर जानकारी की पुष्टि करेंगे, इसलिए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *