Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने किया वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन ने किया वृक्षारोपण

नमो उद्यान कोहड़िया में पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, महापौर एवं सभापति रहे शामिल

कोरबा । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोहड़िया स्थित नमो उद्यान में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन, कोरबा द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर एवं कोहड़िया वार्ड के पार्षद नरेंद्र देवांगन मौजूद रहे। अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। पेड़ न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के पदाधिकारी, सदस्य तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने और हरित कोरबा के निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *