Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / रायपुर / Cyber Fraud : म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, तीन राज्यों से शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

Cyber Fraud : म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी का नेटवर्क बेनकाब, तीन राज्यों से शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट (साइबर ठगी में उपयोग किए जाने वाले बैंक खाते) के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट को बड़ी सफलता मिली है। डीडी नगर थाना पुलिस ने विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर अपराध से संबंधित करीब 9 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं। गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

विभिन्न राज्यों से शिकायतें हुई थी प्राप्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त क्राइम और सायबर, रायपुर कमिश्नरेट द्वारा डीडी नगर थाना को एक बैंक खाता धारक के विरुद्ध विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जानकारी दी गई थी। शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी मानव खत्री अपने बैंक खाते का उपयोग साइबर धोखाधड़ी से अर्जित अवैध धनराशि को प्राप्त करने और निकालने के लिए कर रहा था। जांच में आरोपी के खाते से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के चार मामलों का पता चला, जिनमें लगभग 9 लाख रुपये की ठगी की राशि का लेनदेन होना सामने आया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। प्राप्त शिकायतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 358/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *