नई दिल्ली, 02 जून। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) से जुड़े एक मामले में वेदांता ग्रुप के कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। सूत्रों के अनुसार विदेशी लेनदेन में कथित अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन की आशंका को लेकर यह कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जांच ऐसे समय में शुरू हुई है जब वेदांता समूह अपने डीमर्जर प्लान के तहत नई कंपनियों की लिस्टिंग की तैयारी कर रहा है। हाल ही में कंपनी को इस योजना के लिए सिक्योर्ड लेनदारों की मंजूरी भी मिली थी।
सूत्रों के मुताबिक ईडी विदेशी लेनदेन और संभावित FEMA उल्लंघनों की जांच कर रही है। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद निवेशकों और बाजार की नजरें जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं। मामले में ईडी और कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
