
कोरबा में महतारी वंदन योजना के नाम पर ठगी, केवाईसी के बहाने वसूली, कई च्वाइस सेंटरों पर कार्रवाई कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया के नाम पर महिलाओं से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जिले में कई च्वाइस सेंटर संचालकों द्वारा लाभार्थियों से पैसे लेने की शिकायतें मिली हैं, जिस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और इसके लिए ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और आंगनबाड़ी केंद्रों व च्वाइस सेंटरों में मुफ्त कराई जानी है। इसके बावजूद कई केंद्रों द्वारा 50 से 100 रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही थी। शिकायत मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज ने कार्रवाई करते हुए अब तक तीन च्वाइस सेंटरों को सील कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसी शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति चिंताजनक है। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के गुरसिया क्षेत्र में एक ग्राहक सेवा केंद्र द्वारा 400 से अधिक महिलाओं से ई-केवाईसी के नाम पर पैसे लेने की बात सामने आई है। कई महिलाओं को यह जानकारी ही नहीं दी गई कि यह प्रक्रिया मुफ्त है, जिसके चलते वे ठगी का शिकार हो गईं। प्रशासन ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की वसूली की शिकायत तुरंत करें और केवल अधिकृत केंद्रों पर ही निशुल्क ई-केवाईसी कराएं।
