Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / सुशासन तिहार 2026: कोरबा में 1 मई से लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

सुशासन तिहार 2026: कोरबा में 1 मई से लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

सुशासन तिहार 2026: कोरबा में 1 मई से लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर

कोरबा, 29 अप्रैल 2026। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निराकरण के लिए “सुशासन तिहार 2026” के तहत 1 मई से जनसमस्या निवारण शिविरों की शुरुआत होगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मई और जून माह के लिए 37 शिविरों का विस्तृत कैलेंडर जारी किया है।

जिला प्रशासन द्वारा बताया गया है कि इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना और शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को क्लस्टर प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार अभियान की शुरुआत 1 मई को जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम धनरास से होगी। इसके बाद 4 मई को करतला के कनकी, 5 मई को पोंड़ीउपरोड़ा के पिपरिया और पाली के ईरफ में शिविर आयोजित किए जाएंगे। मई माह में जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों के ग्रामों में लगातार शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें जल्के, पहंदा, बसीबार, बैरा, चोढ़ा, चुईया, गिधौरी, सिंघाली, केराकछार, सिरमीना, रामाकछार, लमना, नगोई, डोंगरी, देवलापाठ, मोरगा, ढोंगदरहा, धौराभांठा, निरधी, जटगा, छिंदपुर, नवापारा और तुमान सहित अन्य गांव शामिल हैं।

जून माह के प्रथम सप्ताह में भी यह अभियान जारी रहेगा। 1 जून को देवपहरी, 2 जून को कोटमेर और लेपरा, 3 जून को बरपाली, 4 जून को सुखरीकला और मुड़ापार तथा 5 जून को तानाखार, चिर्रा और खैरभवना में अंतिम चरण के शिविर आयोजित होंगे।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने सभी विभागों को शिविरों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *