Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / तेज रफ्तार बनी कालः होटल की दीवार से टकराई अनियंत्रित बाइक, एक की मौत, दूसरा घायल

तेज रफ्तार बनी कालः होटल की दीवार से टकराई अनियंत्रित बाइक, एक की मौत, दूसरा घायल

कोरबा 08 जून। जिले के अमलडीहा में एक बार फिर तेज रफ्तार का जानलेवा रूप देखने को मिला है। अमरकंटक से जमनीपाली की ओर आ रही एक तेज रफ्तार हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक होटल की दीवार से जा टकराई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीएस 6267 पर सवार होकर दो लोग अमरकंटक से जमनीपाली (कोरबा) की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे अमलडीहा के पास पहुंचे, बाइक की गति अत्यधिक होने के कारण चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे स्थित श्याम होटल की दीवार से जा टकराई।

चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल दूसरे व्यक्ति को लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *