
कोरबा। जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीडिया में फ्लाई ऐश (राखड़) डंपिंग को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां नियमों को दरकिनार करते हुए नाले के बेहद करीब राख पाटी जा रही है, जिससे जल स्रोत और ग्रामीण सड़क दोनों पर खतरा मंडरा रहा है।जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर फ्लाई ऐश डाली जा रही है, वहां से एक जिंदा नाला महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। जबकि नियमानुसार किसी भी नदी या नाले से कम से कम 500 मीटर दूर ही फ्लाई ऐश का निस्तारण किया जाना चाहिए। ऐसे में यह स्पष्ट रूप से नियमों की अनदेखी मानी जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान यह राख बहकर सीधे नाले में पहुंचेगी, जिससे पानी प्रदूषित होगा और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर इसका असर पड़ सकता है।वहीं दूसरी ओर, फ्लाई ऐश के परिवहन के लिए भारी वाहनों की आवाजाही गांव की प्रधानमंत्री सड़क से हो रही है, जिससे सड़क के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। लगातार भारी वाहनों के चलने से सड़क की हालत खराब होने की आशंका जताई जा रही है।इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभागों को इस ओर ध्यान देकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि जल स्रोत और सड़क को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
