Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / KORBA BREAK: 4 पुलिस कर्मी सस्पेन्ड, डीजल चोरों से सम्पर्क पर कप्तान सख्त

KORBA BREAK: 4 पुलिस कर्मी सस्पेन्ड, डीजल चोरों से सम्पर्क पर कप्तान सख्त

कोरबा। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों खासकर डीजल चोर,अवैध कबाड़, अवैध नशा की बिक्री करने वालों के साथ-साथ अन्य तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों से कुछ पुलिस कर्मियों का मेल-जोल/सम्पर्क इनका मनोबल बढ़ाता है। पुलिसिया कार्रवाई के मामले में इन्हें सूचना लीक करने के साथ-साथ अन्य तरह से राहत पहुंचाने का भी काम होता है जिसकी वजह से इन्हें पकड़ सकने में कई बार नाकामी हाथ लगती है और गिरोह अपना अवैध काम सख्ती के बाद भी करते रहते हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के द्वारा हमेशा से ही अवैध कार्यों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाते रहे हैं बावजूद इसके चोरी-छिपे अवैध धंधे संचालित होते रहे हैं। इसमें कहीं ना कहीं विभाग के लोगों का भी साथ मिलने की बातें समय-समय पर उजागर की जाती रही है और यह सच भी साबित हुआ है। अवैध नशा और कबाड़ के कारोबार में जिन पुलिस कर्मियों के द्वारा सहयोग दिया जाता रहा, उन पर पूर्व में निलंबन की गाज गिर चुकी है।

वर्तमान में दीपका पुलिस ने डीजल चोर गिरोह के फरार सरगना ईनामी बदमाश नवीन कश्यप सहित उसके दो साथियों पुरुषोत्तम व सब्बीर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इण्ड-टू-इण्ड विवेचना की कड़ी में जब एसपी के निर्देश पर जांच आगे बढ़ी और इस बात का पता लगाया गया कि आखिर विभाग के किन लोगों के साथ इनका संपर्क रहा। गहन जांच में चार पुलिस कर्मियों का इनसे सम्पर्क उजागर हुआ है। विभागीय जांच और पुष्टि के उपरांत पुलिस अधीक्षक के द्वारा डीजल चोरी प्रकरण की जांच के दौरान लापरवाही और संदिग्ध भूमिका पर कटघोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक तथा बांकीमोगरा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक और दो आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

एसपी की यह सख्त कार्रवाई इस बात का संदेश है कि अपने कर्तव्य के प्रति विमुख होते हुए अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों और अवैध धंधों में संलिप्त लोगों का साथ देना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग पुलिस की छवि खराब करने का काम कर रहे हैं, कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं, ऐसे लोगों के साथ तालमेल रखने से पुलिस की कार्रवाई न सिर्फ कमजोर पड़ती है बल्कि आमजन का भरोसा भी घटता है। पुलिस कप्तान की यह सख्त करवाई ऐसे पुलिस कर्मियों के लिए कड़ा संदेश है कि वह भी वक्त रहते सुधर जाएं अन्यथा जांच के दायरे में आएंगे तो कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *