
कोरबा: पॉक्सो व छेड़छाड़ का फरार आरोपी अदालत परिसर से कूदा, घायलछत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता भवन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी ने छत से छलांग लगा दी। जानकारी के अनुसार आरोपी अपने मामले से जुड़े दस्तावेजों की नकल लेने के लिए न्यायालय पहुंचा था। उसे सुनवाई के लिए बुलाया गया था। इस दौरान पुलिस को उसके आने की पहले से सूचना मिल गई थी और उसे पकड़ने के लिए टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची, वह बचने के प्रयास में अधिवक्ता भवन की छत पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूद गया। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2024 में पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। उस पर दो छात्राओं ने आरोप लगाए थे और तब से वह फरार चल रहा था। फिलहाल आरोपी का इलाज जारी है और उसका बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
