
कोरबा। जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी के लिए पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अब तक कुल 49 हिस्ट्रीशीट खोली जा चुकी हैं, जिनमें 17 गुंडा बदमाश, 31 निगरानी बदमाश और 1 गैंग हिस्ट्रीशीट शामिल है। सभी पर विशेष नजर रखी जा रही है।पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटरों का चयन सुनियोजित तरीके से किया गया है। पिछले तीन वर्षों में जेल जा चुके आरोपियों के डाटा का विश्लेषण कर ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन पर दो या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।निगरानी बदमाशों में चोरी, लूट, डकैती और संपत्ति से जुड़े अपराधों में शामिल आरोपियों को रखा गया है, जबकि गुंडा बदमाश श्रेणी में मारपीट, गंभीर चोट और जानलेवा हमलों में शामिल व्यक्तियों को शामिल किया गया है।प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर पर नजर रखने के लिए अलग-अलग पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।पुलिस ने 37 मामलों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अभिलेख तैयार कर लिए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था और मजबूत हुई है। वहीं समीक्षा के दौरान 5 मृत हिस्ट्रीशीटरों को सूची से हटाया गया है, जबकि 5 आरोपियों को उनके आचरण में सुधार के आधार पर निगरानी से मुक्त किया गया है।पुलिस ने माह के अंत तक कुल 86 हिस्ट्रीशीट खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इस दिशा में तेजी से काम जारी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की योजनाबद्ध कार्रवाई से जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
