
बस्तर दौरे से लौटी कोरबा की महिला पत्रकारों की टीम, बदले हुए हालात और शांति प्रयासों का लिया जायजा
कोरबा/जगदलपुर
बस्तर दौरे से लौटकर कोरबा की महिला पत्रकारों की टीम ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान टीम को बस्तर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी. से मुलाकात का अवसर मिला। आईजी ने टीम का आत्मीय स्वागत करते हुए बस्तर में शांति स्थापित करने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस और सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और नक्सल प्रभाव में कमी आ रही है।
दौरे के दौरान टीम ने जगदलपुर स्थित पंडुगा रेस्टोरेंट का भी भ्रमण किया। यह रेस्टोरेंट उन लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिन्होंने नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में वापसी की है। यहां काम कर रहे लोगों ने बताया कि आत्मसमर्पण के बाद वे अब सम्मानजनक जीवन जीते हुए अपनी आजीविका चला रहे हैं। पत्रकारों ने इसे पुनर्वास और सामाजिक बदलाव का सकारात्मक उदाहरण बताया।
इस दौरान डीएसपी दीपमाला ने भी टीम का स्वागत किया और क्षेत्र की स्थिति को लेकर चर्चा की।
दौरे में बस्तर के ग्रामीण जीवन की झलक भी देखने को मिली। सड़क किनारे जंगली फल बेचते ग्रामीणों की सादगी और जीवनशैली ने टीम को प्रभावित किया।
पत्रकारों के अनुसार, यह दौरा केवल रिपोर्टिंग तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बस्तर में हो रहे बदलाव, लोगों की जिजीविषा और शांति की दिशा में बढ़ते कदमों को करीब से समझने का अवसर भी प्रदान किया।
