जांजगीर, 01 जून 2026 । आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना और सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद किशोर धीवर (24 वर्ष) निवासी घूरकोट, थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपी आईपीएल मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात और आरसीबी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले पर एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा लगा रहा है और लोगों से रुपये लेकर हार-जीत पर दांव स्वीकार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।
