
बस से 600 जोड़ी चांदी की पायल बरामद, पुलिस और यात्री रह गए हैरानमहासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस को चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। रेहटीखोल नाका (NH-353) पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक यात्री बस से 600 जोड़ी चांदी की पायल बरामद की, जिसे देखकर पुलिस टीम और बस में मौजूद यात्री भी हैरान रह गए। जानकारी के अनुसार, पुलिस ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध यात्री के बैग की तलाशी लेने पर उसमें तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखी चांदी की पायल मिली। पुलिस के मुताबिक, बरामद पायल का कुल वजन करीब 18.59 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 46 लाख रुपये बताई जा रही है। यात्री से आभूषणों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए पूरी खेप जब्त कर ली। मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को भेजा गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
