कोरबा में “राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार” के तहत जनसुनवाई आयोजित
कोरबा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में “राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार” पहल के अंतर्गत महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में बताया गया कि राष्ट्रीय महिला आयोग को हर वर्ष देशभर से एक लाख से अधिक शिकायतें प्राप्त होती हैं। ऐसे में सभी महिलाओं के लिए दिल्ली जाकर अपनी बात रखना संभव नहीं हो पाता। इसी को ध्यान में रखते हुए आयोग द्वारा जनसुनवाई मॉडल को विस्तार दिया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाएं भी अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकें और उन्हें त्वरित सहायता मिल सके।
जनसुनवाई के साथ ही कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से POSH (यौन उत्पीड़न निवारण) प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया। इसमें कार्यालयों में आंतरिक शिकायत समितियों की कार्यप्रणाली और उनकी प्रगति पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया, प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडे, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एडीएम देवेंद्र पटेल और पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
