
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में लोन दिलाने के नाम पर एक डिलीवरी बॉय से बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी एजेंटों ने दस्तावेजों का दुरुपयोग कर पीड़ित के नाम पर लाखों रुपये का लोन निकाल लिया और रकम हड़प ली। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी खुद को लोन एजेंट बताकर पीड़ित से संपर्क में आए। उन्होंने आसान प्रक्रिया में लोन दिलाने का झांसा देकर उसके आधार, पैन और अन्य जरूरी दस्तावेज हासिल कर लिए। इसके बाद इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अलग-अलग माध्यमों से करीब 27.5 लाख रुपये का लोन निकाल लिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित के पास बैंक की ओर से किस्त (EMI) जमा करने के नोटिस आने लगे। जांच करने पर उसे पता चला कि उसके नाम पर बिना जानकारी के लोन लिया गया है।पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इसमें एक संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका है और आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज या बैंकिंग जानकारी साझा न करें और लोन संबंधी किसी भी प्रक्रिया में सतर्कता बरतें।
