
बिलासपुर में सनसनीखेज मामला: बेटे ने घर में ही रची चोरी की साजिश, नकली गहनों से परिजनों को किया गुमराहबिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग बेटे ने अपने ही घर में चोरी की साजिश रचकर परिवार को गुमराह कर दिया। जानकारी के अनुसार, आसमा सिटी निवासी एक परिवार के नाबालिग बेटे ने घर से नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। इसके साथ ही उसने अपनी मां के बैंक खाते से एटीएम के जरिए पैसे भी निकाल लिए। चोरी के बाद उसने असली गहनों की जगह नकली गहने रख दिए, ताकि किसी को शक न हो। बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग ने दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और महंगे शौक पूरे करने के लिए यह कदम उठाया। बाद में परिवार के दबाव में उसने घर में चोरी की बात कबूल की, लेकिन पूरे मामले में पुलिस और प्रार्थी के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। थाना प्रभारी के मुताबिक, नाबालिग ने चोरी किए गए जेवर गिरवी रख दिए और प्राप्त रकम खर्च कर दी। वहीं प्रार्थी का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में लापरवाही बरत रही है, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रार्थी लगातार बयान बदलकर जांच को प्रभावित कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच जारी रखी है, लेकिन इस पूरे मामले ने पारिवारिक विश्वास और नाबालिगों में बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
